अशोक गहलोत गुट ने आलाकमान को बागी तेवर दिखाए थे। गहलोत गुट ने सचिन पायलट को गद्दार कहा था। वहीं पायलट गुट सचिन पायलट को सीएम बनाने की मांग लगातार उठा रहा है। इसी बीच मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने पायलट को लेकर एक बयान दिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
झुंझुनू के उदयपुरवाटी के मंडावरा गांव में राजेंद्र गुढ़ा ने एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सचिन पायलट के पक्ष में बयान दिया। गुढ़ा ने कहा कि वे चट्टान की तरह सचिन पायलट के साथ खड़े हैं और इसका परिणाम आएगा। गुढ़ा ने पायलट को सीएम बनाने की पैरवी करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री पद के लिए काबिल और योग्य हैं और काबिल और योग्य को कोई रोक नहीं सकता। हो सकता है कि चार-पांच दिन का समय लग जाए लेकिन रिजल्ट जरूर आएगा।
राजेंद्र गुढ़ा यहीं नहीं रुके। उन्होंने पायलट का विरोध करने वालों को भी आड़े हाथों लिया। गुढ़ा ने कहा कि सचिन पायलट का विरोध वो ही कर रहे हैं, जो उनसे बेवफाई कर चुके हैं। उन्हें डर है कि पायलट यदि कुर्सी पर बैठ जाएंगे तो उनकी बेवफाई को याद रखकर पायलट काम करेंगे। इस दौरान गुढ़ा ने पन्नाधाय के बलिदान को भी याद किया। वहीं आगे उन्होंने कहा कि मैं अकेला कहीं पर नहीं जाता, मेरे साथ तो 10-20 एमएलए जाते हैं। इसलिए मैं विश्वास दिलाता हूं कि दुनिया इधर की उधर हो जाए लेकिन मैं सच्चाई का साथ देने से पीछे नहीं हटूंगा।
उन्होंने आगे कहा कि राजेंद्र गुढ़ा अकेला नहीं है। राजेंद्र गुढ़ा जहां खड़ा होता है, वहां 10-20 एमएलए और खड़े होते हैं। सचिन पायलट के साथ राजेंद्र गुढ़ा चट्टान की तरह साथ रहेगा और रिजल्ट आएगा।