'सॉरी पापा मेरे पास कुछ नहीं बचा है, इसलिए मैं जा रहा हूं। आप सभी का ध्यान रखना।' हनुमानगढ़ जंक्शन में छह दिन से लापता युवक का शव सिंचाई विभाग के जर्जर क्वार्टरों में मिला, जिसके पास मिले सुसाइड नोट में ये लिखा था। सुसाइड नोट से शुरुआती तौर पर सरकारी नौकरी नहीं लगने और बार-बार पेपर कैंसिल होने से डिप्रेशन के कारण खुदकुशी करना माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव मंदरपुरा, नोहर का रहने वाला 28 साल का कन्हैयालाल पारीक जंक्शन के सेक्टर नौ में नामदेव चौक के पास किराए के मकान में REET की तैयारी कर रहा था। उसके साथ अनिल निवासी खुइयां और सुनील यहां रह रहे थे। 19-20 दिसंबर की रात को कन्हैयालाल बिना बताए कहीं चला गया और नहीं लौटा। मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन स्विच ऑफ मिला। युवक के चाचा प्रेमसुख शर्मा निवासी मंदरपुरा ने जंक्शन थाना में 20 दिसंबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस ने भी उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
सिंचाई विभाग के खंडहर क्वार्टर में मिला शव...
बेटे के नहीं मिलने से हताश घरवालों ने ज्योतिषी के पास गए तो उन्होंने बताया कि कन्हैयालाल हनुमानगढ़ में ही है, बाहर नहीं गया है। इस पर परिजनों ने सोमवार को उसके किराए के मकान से करीब 150 मीटर दूर खंडहर क्वार्टर के पास जाकर देखा तो वहां उसकी लाश मिली। सूचना पर एसआई मांगुराम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
दो बार REET का एग्जाम दिया, दोनों बार कैंसिल...
घरवालों ने बताया कि दो साल पहले कन्हैयालाल की शादी हनुमानगढ़ के ही ढिलकी जाटान निवासी सपना के साथ हुई थी। कन्हैयालाल ने दो बार परीक्षा दी, लेकिन दोनों बार ही परीक्षा कैंसिल हो गई। पिछली बार REET में उसके 135 नंबर आए थे, बाद में भर्ती कैंसिल हो गई। कन्हैया ने वन रक्षक भर्ती परीक्षा दी, लेकिन वह भी निरस्त हो गई। ऐसे में वह फिर से REET की तैयारी कर रहा था, लेकिन बार-बार परीक्षा कैंसिल होने से डिप्रेशन में था। 24 दिसंबर को उसका सीनियर टीचर भर्ती में भी GK का पेपर था, एग्जाम से पहले ही उसने सुसाइड कर लिया। बता दें ये पेपर भी लीक हो गया था। कन्हैयालाल का बड़ा भाई धर्मपाल सरकारी टीचर है।
सुसाइड नोट में पत्नी के बारे में लिखा- लव सपना...
कन्हैयालाल के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने लिखा- सॉरी पापा, मेरे पास अब कुछ नहीं बचा है, सो मैं जा रहा हूं। आप अपना और सभी का ख्याल रखना। अनिल और सुनील दोनों भाई अच्छे हैं। आप सबने मेरे लिए बहुत कुछ किया, लेकिन मैं कुछ नहीं कर पाया। सॉरी... लव सपना...।
मंत्री शेखावत ने गहलोत सरकार पर साधा निशाना...
पेपर लीक के कारण बार-बार प्रतियोगी परीक्षाएं रद्द होने के चलते निराश हनुमानगढ़ के युवक कन्हैयालाल के खुदकुशी करने पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह युवाओं की मेहनत, उम्मीदों और भविष्य की सरकार द्वारा की गई हत्या है।
मंगलवार शाम अपनी प्रतिक्रिया में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा, कन्हैयालाल ने गहलोत सरकार की अकर्मण्यता की वजह से आत्महत्या की है। बार-बार पेपर लीक होने से युवा निराश हो रहे हैं। राजस्थान का भविष्य तबाह करने वाले तानाशाह गहलोत जी को अब तो होश में आ जाना चाहिए। क्या और युवाओं की बलि चाहते हैं वे?