दंडवत परिक्रमा करती हुई महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर शहर के चारों तरफ स्थित कच्चे परकोटे पर रहने वाले लोगों ने अनूठे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया है। कुम्हेर गेट चौराहे से शहर के मुख्य बाजारों में प्रदर्शनकारियों ने दंडवत परिक्रमा लगाकर सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है।
दंडवत परिक्रमा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। कच्चे परकोटे पर रहने वाले करीब दो हजार परिवारों की ओर से करीब ४० साल से पट्टे जारी करने की मांग की जा रही है। कच्चा परकोटा नियमन संघर्ष समिति की ओर से चल रहे आंदोलन के तहत अब दंडवत परिक्रमा लगाकर अपनी मांग मनवाने का प्रयास किया गया है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पूर्व नेता प्रतिपक्ष इंद्रजीत भारद्धाज का कहना है, भरतपुर के विधायक जान बूझकर पट्टे जारी करने की प्रक्रिया में अडंगा लगाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दंडवत परिक्रमा कार्यक्रम 23 दिसंबर को भी किया जाएगा और इस दौरान मुख्यमंत्री के भरतपुर आगमन पर उन्हें भी अपनी समस्या से अवगत कराया जाएगा। कच्चा परकोटा नियमन संघर्ष समिति की ओर से पूर्व में सद्बुद्धि यज्ञ, धरना प्रदर्शन आदि कार्यक्रम भी करने के साथ ही कई बार जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को ज्ञापन में दिए जा चुके हैं। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
नियमों का जाल, निवासी हुए बेहाल...
कच्चा परकोटा के निवासियों की नियमन की मांग पिछले चार दशक से चली आ रही है, लेकिन यह सिर्फ श्रेय लेने की होड़ में पूरी नहीं हुई है। यही कारण है कि एक बार आवेदन लेने के बाद भी फिर से नियमों की अड़चन लगा दी गई है। पिछली तारीख में राज्य सरकार से मार्गदर्शन मांगकर खानापूर्ति की जा रही है।