राजस्थान में सबसे ज्यादा ठंडा दिन बुधवार को हनुमानगढ़ में रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। दिन में तेज ठंड की यही स्थिति गंगानगर, पिलानी में भी रही। यहां दिन का पारा सीजन में पहली बार 20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। वहीं, सरहदी इलाके बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में बीती रात सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। माउंटआबू में इस सीजन में चौथी बार पारा शून्य पर दर्ज हुआ।
प्रदेश में गुरुवार को मौसम की स्थिति देखे तो सुबह से अधिकांश शहरों में सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे ठिठुरन बरकरार है। गंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू और झुझुनूं में भी सुबह-सुबह घना कोहरा देखने को मिला। कोहरे के कारण यहां लोगों को रात के साथ ही दिन में भी अब गलन भरी सर्दी से कंपकपी छूटने लगी है।
चूरू और फतेहपुर से भी ज्यादा ठंडा रहा बीकानेर...
इधर, रेगिस्तानी इलाकों में भी सर्दी तेज हो गई। सरहदी इलाके बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर में बीती रात न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई। बीकानेर में पारा तीन डिग्री सेल्सियस गिरकर 4.6 पर पहुंच गया, जो इस सीजन बीकानेर की सबसे सर्द रात रही। यह शेखावाटी इलाके चूरू, फतेहपुर और सीकर से भी ज्यादा ठंडा रहा। यही स्थिति जैसलमेर और बाड़मेर में रही। यहां सीजन का सबसे कम तापमान गुरुवार को दर्ज हुआ।
दिन-रात के तापमान में केवल छह डिग्री सेल्सियस का उतार-चढ़ाव...
दो दिन पहले तक राज्य में दिन में तेज धूप और सुबह-शाम तेज सर्दी का वातावरण था। दिन और रात के तापमान में 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर रहता था। लेकिन कल ये अंतर घटकर छह डिग्री सेल्सियस तक ही रह गया। गंगानगर, हनुमानगढ़ में बुधवार दिन का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। इन शहरों के अलावा कल झुझुनूं के पिलानी में दिन का अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
माउंटआबू में चौथी बार पारा जमाव बिंदु पर...
हिल स्टेशन माउंटआबू में आज तापमान जमाव बिंदु यानी जीरो पर दर्ज हुआ। इस महीने ये चौथा दिन है, जब आबू का पारा शून्य पर दर्ज हुआ। इससे चलते यहां एक बार फिर मैदानों में हल्की बर्फ की परत जम गई। गाड़ियों और छोटे पौधों की पत्तियों और झाड़ियों पर भी बर्फ की हल्की परत जम गई। 25 दिसंबर पर क्रिसमस के सीजन में यहां आने वाले पर्यटकों के लिए ये एक अच्छा संकेत है। क्योंकि बड़ी संख्या में पर्यटक यहां की सर्दियों का मजा लेने यहां घूमने आते हैं। ये इलाका 31 दिसंबर तक यहां पर्यटकों से गुलजार रहेगा।
क्या होते हैं कोल्ड-डे...
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, किसी शहर में अगर दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहता हो और हल्की सर्द हवाएं चलती हो तो वह उस दिन का कोल्ड-डे माना जाता है। राजस्थान अमूमन सर्दी के सीजन में दिसंबर-जनवरी में कोल्ड-डे होते है। दिसंबर में अमूमन 8-10, जबकि इतने ही दिन जनवरी में कोल्ड-डे के आते हैं।