राजस्थान को आज दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 3 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर जोधपुर के भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती रेलवे स्टेशन के लिए रवाना करेंगे।
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जोधपुर से अहमदाबाद- साबरमती तक जाएगी। गाड़ी संख्या 12461 जोधपुर-अहमदाबाद(साबरमती) वंदे भारत एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 12462 अहमदाबाद ( साबरमती)-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ आज उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन से दोपहर 3 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
गोरखपुर-लखनऊ वाया अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का भी पीएम करेंगे शुभारंभ
पीएम मोदी आज इसके साथ ही गोरखपुर- लखनऊ वाया अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का भी शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री यूपी के गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रहेंगे। गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का भी शिलान्यास किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पीएम मोदी के साथ गोरखपुर स्टेशन पर मौजूद रहेंगे।
सीएम गहलोत, राज्यपाल कलराज मिश्र, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह वीसी से जुड़ेंगे लाइव
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राज्यपाल कलराज मिश्र और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम में लाइव जुड़ेंगे। सीएम अशोक गहलोत जोधपुर के सरदारपुरा से विधायक चुनकर आते हैं। जबकि केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी जोधपुर से ही लोकसभा सांसद हैं। पाली सांसद पीपी चौधरी समेत अन्य नेता भी कार्यक्रम में मारवाड़ में मौजूद रहेंगे।
मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन जोधपुर से चलेगी वंदे भारत
गाड़ी संख्या 12461 जोधपुर अहमदाबाद (साबरमती) वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन जोधपुर से चलेगी। जोधपुर में आगमन का समय रात 12:05 पर होगा जबकि प्रस्थान सुबह 5:55 पर होगा। गाड़ी संख्या 12462 अहमदाबाद (साबरमती)- जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन भी सप्ताह में 6 दिन मंगलवार को छोड़कर चलेगी। अहमदाबाद में इसका आगमन रात को 11:10 बजे होगा, जबकि प्रस्थान शाम 4:45 पर होगा। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव पाली मारवाड़ जंक्शन, फालना, आबूरोड, पालनपुर और मेहसाणा स्टेशन पर होगा। इसमें एग्जीक्यूटिव चेयर कार और एसी चेयर कार कोच हैं।
यात्रा समय में लगभग 1 घंटे की बचत होगी, ये सुविधाएं मिलेंगी
वंदे भारत ट्रेन से यात्रा के समय में लगभग 1 घंटे की बचत होगी। स्थानीय यात्रियों को लाभ होगा। जोधपुर से साबरमती के बीच यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ कम समय में बेहतर सफर का आनंद मिलेगा। क्षेत्र के स्थानीय उद्योग धंधों, पर्यटन, डेयरी और मार्बल उद्योग को इसे बढ़ावा मिलेगा। वंदे भारत एक्सप्रेस की मुख्य विशेषताओं में कोच में सीसीटीवी और 360 डिग्री घूमने वाली सीटें, टक्कर ( एक्सीडेंट) रोधी कवच प्रणाली, अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाओं के साथ हवाई जहाज जैसा यात्रा अनुभव, स्लाइडिंग फुट स्पेस के साथ ऑटोमैटिक दरवाजे, टच फ्री सुविधाओं के साथ बायो वेक्यूम टॉयलेट, दिव्यांग जनों के अनुकूल टॉयलेट सीट के हैंडल और सीट नंबर ब्रेल लिपि में हैं। प्रत्येक कोच में यात्री सूचना और इन्फोटेनमेंट सिस्टम, एक समान हवा के डिस्ट्रीब्यूशन के लिए विशेष एयर कंडीशनिंग डक्ट इसमें शामिल हैं।