राजस्थान वासियों को फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। नौतपा के कारण पारा में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में आगामी तीने से चार दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। कई जगहों पर हीटवेव चलने की संभावना है।
चार दिन में ही प्रदेश के कई जिलों में तापमान में पांच से 10 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है। आने वाले दिनों में पारा और चढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार फिर एक बार लू का सितम झेलना होगा। मंगलवार को प्रदेश के पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में तेज हवाएं चल सकती है। इस दौरान बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू के अलावा जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर जिलों में कहीं-कहीं 30 से 40 किमी गति की हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून पूरी तरह मानसूनी हवाओं की गति पर निर्भर करेगा। अगर हवाओं की रफ्तार कुछ और तेज होती है तो राजस्थान में मानसून पहले भी आ सकता है। केरल तट पर मानसून के प्रवेश के बाद प्रदेश में मानसून का प्रवेश जून के दूसरे सप्ताह हो सकता है।