बीते 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के करीब आधा दर्जन जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं मंगलवार को भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 19 जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के अजमेर, भरतपुर, जयपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में मेघ गर्जन व बिजली की चमक के साथ अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। जबकि पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान के 19 जिलों में इस दौरान कहीं कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं।
इन जिलों में हो सकती है बारिश
अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक और उदयपुर भारी बारिश होगी। हालांकि, मौसम विभाग ने बुधवार से फिर बारिश की गतिविधियों में कमी की संभावना जताई है।
भूगड़ा में हुई सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटों में बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, बूंदी, डूंगरपुर, सिरोही, कोटा और राजसमंद जिलों में कहीं कहीं भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश भूंगड़ा, बांसवाड़ा में 203 एमएम दर्ज की गई है। पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई है और कहीं भी भारी बारिश दर्ज नहीं की गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग के जिलों में भी मानसून सक्रिय रहने और अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।