राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, जैसलमेर में गिरे ओले।
- फोटो : अमर उजाला
Rajasthan Weather Hindi News: राजस्थान में शनिवार देर शाम और रविवार को बारिश होने के कारण मौसम का मिजाज बल गया। आज बाड़मेर, जालोर और जैसलमेर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ ओले गिरे। इसके अलावा जोधपुर, बांसवाड़ा, पाली, हनुमानगढ़, बीकानेर और गंगानगर जिले के कुछ हिस्सों में भी बूंदाबादी हुई। इससे हवा सर्द हो गई।
इससे पहले शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम की मार भी देखने को मिली। जालोर के डाबली गांव में बिजली गिरने से 17 साल की लड़की की मौत हो गई। हादसे के समय वह भैंसों को चारा डाल रही थी। इसी दौरान बिजली गिर गई। तीन भैंसें भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। वहीं, बाड़मेर के सेड़वा उपखण्ड में बिजली गिरने से दर्जनों बकरियों ने भी दम तोड़ दिया।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। साथ ही अरब सागर से एक ट्रफ लाइन भी आ रही है। इसी के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। एक-दो दिन में मौसम साफ होने के बाद सर्दी में और इजाफा होगा।
इन जिलों में 15 डिग्री से कम रहा तापमान
मौसम बदलने के कारण प्रदेश के कुछ जिलों में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे चला गया। गंगानगर में रात का पारा 12.2 डिग्री रहा। इसी तरह चित्तौड़गढ़ में 12.8, पिलानी में 12.8, चूरू में 13.2, उदयपुर में 13.8, भीलवाड़ा में 13.8 और बाड़मेर में रात का पारा 14.7 डिग्री रहा।