सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है कि अभ्यास में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में पहुंचे सैनिकों की कोरोना की जांच की गई थी, जिनमें से एक सैनिक की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। बताया जा रहा है कि जिस अमेरिकी सैनिक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है वह पहले से ही संदिग्ध था इसलिए उसे पहले से ही पृथक रखा गया था। गनीमत रही कि वह किसी अन्य अमेरिकी या भारतीय सैनिक के संपर्क में नहीं आया।
उल्लेखनीय है कि भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में चल रहे इस युद्धाभ्यास में भाग लेने के लिए अमेरिका के 240 जवान आए हुए हैं। 14 दिनों तक चलने वाले इस युद्धाभ्यास को दोनों देशों के लिए अहम माना जा रहा है। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार यह अभ्यास दोनों देशों के बीच चल रहे सबसे बड़े सैन्य प्रशिक्षण और रक्षा सहयोग का सबसे बड़ा उदाहरण है। दोनों देश आतंकवाद के खतरे को झेल चुके हैं और भविष्य में उसका मुकाबला करने के लिए इस युद्धाभ्यास को वैश्विक पटल पर अहम माना जा रहा है।
भारत में स्थित अमेरिकी दूतावास की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि दो हफ्ते तक चलने वाला यह वार्षिक अभ्यास प्रशिक्षण सांस्कृतिक आदान-प्रदान के जरिये संयुक्त अंतर संचालन क्षमताओं को बढ़ाता है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा रक्षा उद्देश्यों के जरिये स्थाई भागीदारी को बढ़ावा देने का काम करते हैं। इस युद्ध अभ्यास में दोनों ही देशों के जवान युद्ध की अपनी कुशलताओं का आदान-प्रदान करेंगे। इसके जरिये दोनों देशों के जवान एक दूसरे की युद्ध तकनीक को भी सिखेंगे।