उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र में दिवाली की रात लूट के मकसद से युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपी सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। झाड़ोल थानाधिकारी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि खाखड़ गांव में हुई इस हत्या की वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को पकड़ा गया है। इससे पहले पुलिस मामले में शामिल सात नाबालिगों को निरूद्ध कर बाल सम्प्रेषण गृह उदयपुर भेज चुकी है।
लावारिस हालत में मिली थी लाश
गोगला की नाल निवासी कालूलाल कसौटिया के अनुसार उनका पुत्र भरत आठ नवंबर को दिवाली की दोपहर अपनी बाइक लेकर घर से झाड़ोल गया था। वह देर रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन नो नवंबर की सुबह परिजनों को भरत की मारपीट कर हत्या किए जाने की जानकारी मिली। भरत की बाइक नयागांव में लावारिस हालत में पड़ी मिली। खाखड़ गांव के सरकारी स्कूल के खेल मैदान की चहारदीवारी के पास क्रिकेट खेलने गए लड़कों ने भरत का शव देखा और परिजनों को इसकी सूचना दी। बदमाशों ने रास्ते में रोककर भरत के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी।
जांच और पुलिस कार्रवाई
मामले की जांच करते हुए पुलिस ने घटना के छठे दिन चार नाबालिगों को डिटेन किया था। इसके तीन दिन बाद तीन अन्य नाबालिगों को भी पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान सातों नाबालिगों ने लूट और हत्या की इस वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सभी सात नाबालिगों को बाल सम्प्रेषण गृह उदयपुर भेज दिया।
पुलिस की टीमों ने नाबालिगों की निशानदेही और आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइक, एक तलवार, एक चाकू तथा खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस गिरफ्तार किए गए दोनों मुख्य आरोपी भाइयों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।