जोधपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने शहर के एक होटल पर अचानक दबिश देकर थाईलैंड निवासी सात युवतियों को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भारत में ठहरने के लिए इन विदेशी युवतियों के पास वैध वीजा संबंधी दस्तावेज नहीं थे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने होटल संचालक अनिल माहेश्वरी सहित कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी कमरे के अंदर पलंग के नीचे छिपा हुआ था, जिसे स्पेशल टीम ने दबोच लिया।
खुफिया एजेंसी को नहीं दी सूचना
जांच के दौरान होटल प्रबंधन की भारी लापरवाही उजागर हुई। नियमानुसार किसी भी विदेशी नागरिक को अपने होटल में ठहराने पर संचालक के लिए इसकी सूचना तुरंत इंटेलिजेंस ब्यूरो को देना अनिवार्य होता है। इसके अलावा, विदेशी नागरिकों के ठहरने पर भरा जाने वाला अनिवार्य ईसी फॉर्म भी तैयार नहीं किया गया था। संचालक अनिल माहेश्वरी ने खुफिया एजेंसी को युवतियों के रुकने की कोई जानकारी नहीं दी थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार होटल संचालक अनिल माहेश्वरी पर पहले भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और पूर्व में सरदारपुरा थाना पुलिस उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर चुकी है।
नेटवर्क की गहन जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब गहनता से जांच कर रही है कि ये विदेशी युवतियां शहर में कब से रह रही थीं और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन से लोग शामिल हैं। दबिश की इस कार्रवाई के पश्चात पुलिस हिरासत में ली गई सभी सात युवतियों को सुरक्षा व नियमों के तहत सखी सेंटर भेज रही है। राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने होटल संचालक तथा अन्य आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
कार्रवाई पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया के निर्देश तथा पुलिस उपायुक्त शाहीन सी. के पर्यवेक्षण में हुई। स्पेशल टीम के प्रभारी उप निरीक्षक मेहराज तंवर ने इस छापेमारी का नेतृत्व किया। पुलिस ने मौके से ओसियां के चेराई निवासी जगदीश उर्फ जग्गू राम, बनाड़ के सारण नगर निवासी अनिल, झालामंड निवासी संदीप प्रजापत, कुड़ी भगतासनी निवासी मनोज, तथा केकड़ी अजमेर के कल्याणपुरा निवासी प्रभु लाल व हनुमान को पकड़ा है। इनके साथ होटल संचालक अनिल माहेश्वरी को भी गिरफ्तार किया गया है। राजीव गांधी नगर थाना पुलिस सभी आरोपियों को सौंपे जाने के बाद आगे की तफ्तीश कर रही है।