राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने सोमवार को भाजपा विधायकों को निर्देश दिया कि वे बजट के दिन जमा करवाए गए आईफोन वापस लें और उपयोग करें। अध्यक्ष ने कहा कि ये फोन विधानसभा की प्रक्रिया को 'कागज रहित' करने के लिए दिए गए थे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा में राजस्थान बजट पेश किया था। जिसके बाद बजट घोषणाओं की चर्चा के साथ सभी विधायकों को दिया गया महंगा तोहफा आईफोन-13 चर्चा में रहा। विधानसभा में कार्यवाही के दौरान आईफोन लौटाने वाले भाजपा विधायकों को सोमवार को स्पीकर जोशी ने आईफोन वापस लेकर इस्तेमाल करने का निर्देश दिए हैं।
बता दें कि 23 फरवरी को बजट पेश होने के बाद अधिकतर भाजपा विधायक ने फोन लौटा दिया था। सीपी जोशी ने विधानसभा में कहा कि सरकार हर बजट के बाद तोहफा में विधायकों को बैग देती है। इस बार आईफोन दिए थे। जिससे आईटी का बेहतर उपयोग करके विधायक बजट और दूसरी सामग्री को देख सकें। स्पीकर ने कहा कि इन आईफोन का उपयोग होना जरूरी है, तभी पैसे का सदुपयोग होगा।