प्रभारी महासचिव होने के नाते माकन बखूबी जानते थे कि गहलोत और पायलट के बीच छतीस का आंकड़ा है। ऐसे में उनकी तरफ से सार्थक पहल की जाती तो गहलोत और पायलट फिर से गले मिल सकते थे। माकन की सबसे बड़ी कमी यह रही कि वह हमेशा से कार्यकर्ताओं और नेताओं से दूर रहे। माकन जब भी राजस्थान आते थे, फाइव स्टार होटल में कैद होकर रह जाते। कार्यकर्ताओं का उनसे जयपुर हो या दिल्ली, मिलना मुश्किल ही नहीं असम्भव था। इसके अलावा कार्यकर्ता और बड़े नेताओं के पत्र का जवाब भी उनकी ओर से नहीं मिलता था। फोन से बात करना भी बहुत कठिन था।
ज्ञात हुआ है कि आलाकमान भी पर्यवेक्षक के तौर पर उनकी भूमिका से बेहद खफा है। आलाकमान को पता लग चुका है कि माकन के अड़ियल रवैये की वजह से पहली दफा उसकी ऐतिहासिक फजीहत हुई है। ऐसे में आलाकमान ने उन्हें प्रभारी पद से हटाने का मन बना लिया है। इसकी पालना कब होगी, अभी यह तय नहीं है। हो सकता है कि एक-दो दिन में उन्हें हटा दिया जाए या फिर अध्यक्ष पद के चुनाव के बाद आदेश जारी किए जाएं।
राजस्थान में क्या होगा, सभी इस बारे में जानने के इच्छुक हैं। सूत्रों का कहना है कि आलाकमान राजस्थान में स्थायी समाधान चाहता है और पायलट को सीएम बनाना चाहता है, लेकिन वह यह बखूबी जान चुका है कि वर्तमान परिस्थितियों में अधिकांश विधायकों का समर्थन गहलोत के पक्ष में है। हालात को देखते हुए आलाकमान द्वारा अब जल्दबाजी में कोई निर्णय न तो लिया जाएगा और न ही थोपने के प्रयास होंगे। जिस तरह राजस्थान में पार्टी और आलाकमान की किरकिरी हुई है, इसके बाद सोनिया गांधी सचेत हो गई है। वह नहीं चाहती हैं कि पायलट उनकी बैसाखियों के जरिये राजस्थान का सीएम बने। इसलिए ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि आलाकमान की ओर से पुनः दो या तीन पर्यवेक्षक भेजे जा सकते हैं। यह पर्यवेक्षक एक-एक विधायक से उनकी राय जानने के बाद सोनिया गांधी को अपनी रिपोर्ट सौपेंगे।
फिर गले मिल सकते हैं गहलोत और पायलट
सचिन पायलट बेहतर तरीके से समझ चुके हैं कि फिलहाल उनके समर्थन में बहुत कम विधायक हैं। इसके अलावा उनको यह बात भी समझ आ चुकी है कि गहलोत की मर्जी और समर्थन के बिना उनका मुख्यमंत्री बनना नामुमकिन है। बदली हुई परिस्थितियों में पायलट अपनी रणनीति में बदलाव कर गहलोत से समझौता कर सकते हैं। इस तरह गहलोत का सम्मान भी बरकरार रहेगा और वह अपने समर्थक विधायकों को भी मना लेंगे। जैसे पहले मनाया गया था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गहलोत ने सोनिया को अपना इस्तीफा सौप दिया है। वह इस्तीफा मंजूर करती हैं या नहीं यह सोनिया गांधी पर ही निर्भर करता है। आज शुक्रवार को गहलोत से इस्तीफे को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बात को घुमा दिया।