राजस्थान पुलिस ने जयपुर से ट्रक में भरकर उत्तर प्रदेश जा रहे 58 लोगों को पकड़ा है। मुहाना थाना पुलिस ने मंगलवार रात को नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को रुकवाया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें 58 लोग निकले। पुलिस ने लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि वो सभी उत्तर प्रदेश अपने घर जा रहे थे।
मानसरोवर के एसीपी ने बताया कि सवारियों में से ही किसी ने ट्रक चालक को यूपी के गोरखपुर के लिए बुक किया था। एक सवारी का 2500 रुपये किराया तय हुआ था। ये सभी लोग मुहाना मंडी, रामपुरा रोड और मानसरोवर रीको और आस-पास के इलाके के रहने वाले थे।
a
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। थानाप्रभारी ने बताया कि देर रात तिरपाल से ढके ट्रक को संदेह होने पर रोका और उसकी तलाशी ली गई। ट्रक में भारी संख्या में महिला, पुरूष और बच्चे सवार थे। पूछताछ करने पर उन लोगों ने बताया कि वह मुहाना मंडी के पास से ट्रक में सवार हुए थे।
उन्होंने बताया कि ट्रक चालक उन्हें मानसरोवर से टोंक रोड और आगरा रोड होते हुए यूपी लेकर जाता। इसके लिए प्रति सवारी 2500 रुपये किराया तय हुआ था। ट्रक में सवार सभी लोग रंग, छपाई और मजदूरी का काम करते हैं।