भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत के काफिले पर हुए हमले के मामले में राजस्थान पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एबीवीपी कार्यकर्ता कुलदीप यादव शामिल हैं। शुक्रवार को अलवर जाते वक्त तातरपुर गांव में कुछ लोगों की भीड़ ने टिकैत के काफिले पर हमला कर दिया था।
पुलिस ने इस मामले में 33 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं टिकैत ने शनिवार को आरोप लगाया कि उनके काफिले पर हुआ हमला केंद्र की सोची समझी साजिश थी और भाजपा की युवा शाखा के कार्यकर्ता इसमें शामिल थे।
अलीगढ़ में किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए टिकैत ने कहा, इस तरह के हमले हमारे आंदोलन को कमजोर नहीं बल्कि और मजबूत करेंगे। हम किसान हैं कोई राजनीतिक पार्टी नहीं और यह हमारे अस्तित्व की लड़ाई है।