नकल माफिया को संरक्षण कौन दे रहा है?
शेखावत ने कहा मैं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से पूछना चाहता हूं कि इस नकल माफिया को संरक्षण कौन दे रहा है? नकल के चलते युवाओं में हताशा है। युवक आत्महत्या करने को मजबूर हैं। मैं यह जिम्मेदारी के साथ कहता हूं कि हमारी सरकार आई, तो हम इन भर्तियों की जांच करवाएंगे और नकल के मामले की पूरी जांच CBI से करवाएंगे। जो लोग पिछले दरवाजे से थानेदार और डिप्टी बने हैं, या आरएएस बने हैं, उन्हें बाहर निकालकर जेल में भेजेंगे। उन्होंने कहा कि नकल प्रकरण में नकल माफिया ही नहीं दोषी नहीं, दोषी अशोक गहलोत भी हैं, क्योंकि वे मुख्यमंत्री और गृहमंत्री दोनों हैं।
किसानों से छल किया
शेखावत बोले-कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ छलावा किया। कर्जा माफ नहीं किया। उल्टे बिजली के बिल बढ़ा दिए। केन्द्र सरकार की ओर से 10 प्रतिशत ज्यादा यूरिया देने के बाद भी राज्य सरकार समय पर आपूर्ति नहीं कर पा रही। इसलिए किसान के मन में कांग्रेस सरकार के लिए आक्रोश है।
पानी का बजट खर्च नहीं कर पाई सरकार
केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री ने कहा कि राज्य में जब वसुंधरा राजे की सरकार थी, तब प्रदेश सब योजनाओं में आगे था, लेकिन अब पिछड़ गया। जल जीवन मिशन में सबसे ज्यादा बजट दिया। लेकिन उसे इम्प्लीमेंट नहीं किया। देशभर में 56 प्रतिशत घरों में नल पहुंचा दिया, लेकिन राजस्थान आज भी नीचे से दूसरे नंबर है। सबसे ज्यादा पैसा देने के बाद में भी यहां की निकम्मी सरकार 27 हजार करोड़ में से मात्र 5 हजार करोड़ रुपए ही खर्च हो पाई। सिरोही में 1 लाख 5 हजार घर हैं। जहां 43 हजार घरों में पानी जल जीवन मिशन शुरू होने से पहले ही पहुंच चुका। इस मिशन के बाद मात्र 12 प्रतिशत काम हुआ।
जवाई बांध का पानी मिलेगा
शेखावत ने कहा कि जवाई पुनर्भरण में सिरोही को उसके हिस्से का पानी देना है। राजस्थान में भाजपा की सरकार बनते ही इसे देखेंगे। जनता के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। सिरोही को सिरोही के हिस्से का पानी मिलेगा। माही का पानी लाने का प्रयास चल रहा है। गुजरात के साथ निर्णायक मोड़ पर काम चल रहा है। जिस तरह से नर्मदा का पानी दिया। यहां भी देंगे।
राज्य को मोबाइल चाहिए या शिक्षक चाहिए
शेखावत ने कहा कि सरकार चुनावी लॉलीपॉप दे रही है। अभी सरकार ने घोषणा की है कि महिलाओं को स्मार्ट फोन देंगे। सरकार के पास स्कूलों में शिक्षक लगाने का पैसा नहीं है। पीने का पानी लाने का पैसा नहीं है। सिंचाई के लिए पैसा नहीं है। चिरंजीवी योजना की दवाओं के लिए पैसा नहीं है, लेकिन मोबाइल देना चाहती है। मोबाइल जरूरी है या शिक्षक? मोबाइल जरूरी है या पानी? शेखावत ने यह भी कहा कि सरकार हमारे दुश्मन देश चीन में बने घटिया मोबाइल खरीदेगी। उसमें भी भ्रष्टाचार होगा।