मंडाई हायर सेकंडरी स्कूल में उड़ते हुए पहुंचे एक कबूतर को संदिग्ध लगने पर स्कूल प्रशासन ने पकड़ लिया और वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है। अब वन विभाग इसकी देखभाल करने के साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी देकर पंजों में लगी रिंग की पड़ताल करवाएगा।
स्कूल प्रिंसिपल हिंगलाज दान ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को यह कबूतर उड़ते हुए स्कूल में आया। उसके दोनों पंजों में रिंग लगी देखकर स्कूल प्रशासन ने उसे दाना डालकर पकड़ लिया और उसे वन विभाग के सुपुर्द कर दिया। कबूतर के दोनों पंजों में 2 अलग-अलग रिंग लगी हैं। इन पर उर्दू में कुछ लिखा है। साथ ही कुछ नंबर भी अंकित है।
वन विभाग की टीम ने कबूतर को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दे दी है। गौरतलब है कि इन दिनों सीमा पार से टैग और एंटीना लगे कई पक्षी भारत की सरहद में आ रहे हैं। ऐसे में सीमा पर पहरा दे रहे BSF के जवान और सरहदी इलाके की जनता जागरूकता से काम कर रहे हैं, ताकि देश की सुरक्षा को लेकर कोई खतरा पैदा न हो।