भाजपा विधायक रामलाल शर्मा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा।
- फोटो : Social Media
राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा केंद्र की भाजपा सरकार 70 साल का हिसाब मांग रही है, लेकिन अपने 7 साल के शासन और जनता से किए वादों का हिसाब नहीं दे रही है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जन घोषणा पत्र में किए 80 फीसदी से अधिक वादे पूरे किए हैं।
गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र में भाग ले रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उधर, डोटासरा के आरएसएस को एक तरीके से डसने वाला सांप बताने के बयान पर भाजपा विधायक रामलाल शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के 26 लाख परिवार के भविष्य को डसने का काम किया है।
संघ संस्कारवान बनाने का करता है काम
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा की विवादित बयान देने की आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि डसने वाले सांप की तरह तो आप (डोटासरा) और आपकी सरकार (कांग्रेस) है। 26 लाख परिवारों के भविष्य को अंधकार में करने वाली कांग्रेस हैं, रीट परीक्षा में धांधली करके सरकार ने यह काम किया है। भाजपा और संघ परिवार ने 26 लाख परिवारों को संस्कारवान बनाने और उनका भविष्य सुधारने का काम किया है। सरकार और उसके लोगों ने जिस तरीके से बच्चों का भविष्य अंधकार में किया है, आने वाले समय में सभी उसका जवाब देंगे।
कांग्रेस फिर बनाएगी सरकार
गोविंद डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को प्रदेश सरकार द्वारा लागू जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को पहुंचाने के लिए काम करना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर भाजपा सरकार की विफलताओं से आमजनता को अवगत कराना है। केंद्र की गलत नीतियों के कारण देश में मंहगाई बढ़ रही है, बेरोजगारी चरम पर है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यों के दम और कांग्रेस की विचारधारा के आधार पर कांग्रेस 2023 में एक बार फिर सरकार बनाएगी। साथ ही 2024 के लोकसभा चुनाव में केंद्र की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सभी कार्यकर्ता कमर कस लें।