राजस्थान रोडवेज ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में सात प्रतिशत की बढोत्तरी की है। साथ ही पेंशन पाने वालों के महंगाई भत्ते में भी सात प्रतिशत की वृद्धि की है।
परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों व अधिकारियों एवं पैंशनर्स के महंगाई भत्ते में राज्य सरकार के अनुरूप सात प्रतिशत वृद्धि कर उसे 189 प्रतिशत से बढ़ाकर 196 प्रतिशत कर दिया गया है जिसका भुगतान 01 जुलाई, 2021 से किया जाएगा।
सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, उन्होंने बताया कि नवंबर 2016 से लेकर मार्च 2019 तक की अवधि के ग्रेच्यूटी, अवकाश, 5वें व 6वें वेतनमान आयोग के एरियर सहित अन्य का भुगतान किया जा रहा है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि इससे 2,400 से अधिक सेवानिवृति कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि चौमूं हाउस, परिवहन मार्ग पर स्थित वैशाली नगर व जयपुर आगार एवं टायर प्लान्ट की अनुपयोगी भूमि राज्य सरकार को हस्तांतरित किये जाने के एवज में 01 नवंबर 2021 को 214 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं।
बिजली कंपनी के कर्मचारियों को भी दिवाली का तोहफा
वहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की पांच बिजली कम्पनियों के कर्मचारियों को 2020-21 के लिए बोनस का पेमेंट करने का फैसला किया है। सरकार ने बिजली विभाग से मिले प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। इसके मुताबिक, बिजली कम्पनियों के कर्मचारी उसी बोनस के हकदार होंगे, जो राज्य कर्मचारियों को दिया जा रहा है। इसके लिए सरकार ने 25 अक्तूबर को आदेश जारी किया था। इस फैसले से बिजली कंपनियों के करीब 60,700 कर्मचारियों को फायदा होगा।