प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत।
- फोटो : Social Media
राजस्थान के कोटा में रविवार को हुए हादसे में दूल्हे समेत नौ लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पीएम नरेंद्र मोदी ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा के नयापुरा क्षेत्र में बारातियों की कार चंबल नदी में गिरने से दूल्हे सहित नौ लोगों की मृत्यु बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। पीडब्ल्यूडी मंत्री भजनलाल जाटव को घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे में प्रत्येक मृतक के आश्रित को 2 लाख की आर्थिक सहायता और एक परिवार से दो या अधिक मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपए की सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
पीएम भी करेंगे दो लाख की आर्थिक मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर दो लाख रुपए का मुआवजा देने का एलान किया है। पीएम मोदी ने कहा कि यह हादसा बेहद ही दुखद है। दुख की इस घड़ी मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
हादसे में नौ लोगों की हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार दूल्हा पक्ष के लोग सवाई माधोपुर से उज्जैन ( मप्र) बरात ले कर जा रहे थे। कोटा में नयापुरा पुलिया से कार अनियंत्रित हो कर चंबल नदी में गिर गई। कार सवार लोगों ने कांच खोलने के प्रयास किए, लेकिन सिर्फ एक कांच खुल पाने के कारण सात लोगों की कार में ही मौत हो गई थी। बाकी दो लोगों के शव काफी बह गए थे।