हिजाब विवाद पर भाजपा विधायक और पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि जिसे भी हिजाब पहनना है वह मदरसा चला जाए। शिक्षण संस्थानों के ड्रेस कोड को धार्मिक आजादी से जोड़ना बेहद शर्मनाक है। शुक्रवार को अजमेर में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कर्नाटक के एक स्कूल से हिजाब को लेकर आंदोलन शुरू हुआ था। कुछ अलगाववादी लोगों के कारण इसकी लपटें अन्य राज्यों के साथ-साथ राजस्थान में भी आना शुरू हो गईं हैं।
विधायक देवनानी ने कहा कि गुरुवार को प्रतिबंधित पीएफआई संगठन ने कोटा में रैली निकालकर समारोह का आयोजन किया। अनुमति देने का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दो विधायक इस संगठन की हिमायत कर रहे हैं। यह शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि अलगाववादी तत्वों को लगाम लगाई जानी चाहिए।