टैगोर महाविद्यालय में रितुराज कंवर राठौड़ सम्मान किया गया।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के नागौर की शिक्षा नगरी कुचामन में रहने वाली रितुराज ने भूगोल विषय से नेट जेआरएफ (जूनियर रिसर्च फेलोशिप ) की परीक्षा में देशभर में अपना नाम रोशन कर दिया। दिसंबर 2020 और जून 2021 में यूजीसी नेट जेआरएफ की परीक्षा में 100 फीसदी अंक पाकर रितुराज भूगोल विषय में ऑल इंडिया टॉपर बनीं हैं। रितुराज राठौड़ खारिया ने शिक्षा नगरी कुचामन के टैगोर महाविद्यालय से भूगोल विषय में स्नातकोत्तर किया है।
रितुराज के 100 फीसदी अंक लाने पर मंगलवार को टैगोर महाविद्यालय में उनका स्वागत-सम्मान किया गया। उनके माता-पिता का भी महाविद्यालय परिवार की ओर से अभिनंदन किया गया। रितुराज ने कुचामन के टैगोर महाविद्यालय से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। महाविद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि जेआरएफ परीक्षा में रितुराज ने 100 फीसदी अंक प्राप्त कर एक रिकॉर्ड कायम किया है। साथ ही कुचामन, नागौर और प्रदेश का भी नाम रोशन किया है। रितुराज के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं ने 11 मिनट तक तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
मीडिया से बात करते हुए रितुराज ने अपनी कामयाबी का श्रेय खुद की मेहनत, माता-पिता और गुरुजनों के सहयोग को दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों को दिए संदेश में कहा कि हमें लक्ष्य तय कर ध्यान केंद्रित रखना चाहिए, इसी से हमें कामयाबी मिलेगी। टैगोर ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन पूरण सिंह रणवा ने भी रितुराज की कामयाबी पर बधाई दी।