आए दिन बदमाशों के बुलंद होते हौसले पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठा रहे हैं। बीते कल बाड़ी एडीजे कोर्ट के सामने फायरिंग का मामला थमा नहीं था कि आज धौलपुर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टोरेट कार्यालय के सामने डेली नीड्स की दुकान पर अज्ञात युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से लोगों में सनसनी फैल गई। हमलावर हवाई फायर कर मौके से फरार हो गए।
दुकान के संचालक रमेशचंद त्यागी ने बताया कि वे दोपहर को अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। कुछ युवक दुकान के बाहर कोल्ड ड्रिंक का सेवन कर रहे थे। अचानक से एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और दुकान के सामने बैठे युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। युवकों ने दुकान के अंदर छिपकर जान बचाई। हमलावर हवाई फायर कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पाकर स्थानीय निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन हमलावर उससे पूर्व ही फरार हो गए। पुलिस ने शहर में नाकाबंदी भी कराई है लेकिन फिलहाल बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दुकान के सामने बैठे युवक एवं हमलावरों में पुरानी रंजिश का मामला बताया जा रहा है। आरोपियों ने घात लगाकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। सीओ सिटी सुरेश सांखला ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। इलाके में आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी भी कराई गई है।
पुलिस ने हमले को पुरानी अदावत का मामला बताया है। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस भी बरामद किए हैं। आरोपियों ने करीब तीन से चार राउंड फायरिंग की है। सीओ ने बताया आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।