जिले के जोधियासी गांव में बुधवार रात कुछ बदमाश रुपयों से भरा एटीएम उखाड़कर ले गए। एटीएम में करीब 24 लाख रुपए थे। बैंक प्रबंधक ने श्री बालाजी थाने में इस संबंध में जानकारी दी। एटीएम को उखाड़कर ले जाने का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात जोधियासी गांव में स्थित एसबीआई बैंक के भरे हुए एटीएम को बदमाश अपने साथ लेकर रफूचक्कर हो गए। एटीएम उखाड़ने का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है। फुटेज के अनुसार बदमाशों ने गाड़ी के निचले हिस्से में जंजीर बांधकर एटीएम खींचा और फिर उसे गाड़ी में डालकर ले गए।
थानाधिकारी अमरचंद गोरा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैंक प्रबंधक की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जल्द से जल्द पूरे मामले का खुलासा करेगी।