सोशल मीडिया में शेयर की जा रही तस्वीर
- फोटो : twitter
सोशल मीडिया की एक पोस्ट ने दो साल पहले पाकिस्तान में खोये एक बालक को भारत से ढूंढ निकाला। बालक के परिजन उसे वापस पाकिस्तान ले जाने की कवायद में लगे हुए हैं।
मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार पाकिस्तान के खैबर पख्तुनख्वा सूबे से दो साल पहले तुफैल इस्माइल नाम का बालक अपने घर से गुमशुदा हो गया था। दो साल बाद उसके अचानक राजस्थान के गंगानगर में होने का पता चला।
खास बात ये है कि बालक को सऊदी अरब में रहने वाले उसके चाचा ने सोशल मीडिया में शेयर एक तस्वीर के द्वारा पहचाना। पाकिस्तानी अखबार द डॉन के अनुसार बालक के पिता जफर अली ने बताया कि तस्वीर को भारत की रहने वाली सामाजिक कार्यकर्ता सुजेवा परेरा ने सोशल मीडिया में शेयर किया था।
जफर ने बताया कि परेरा ने तस्वीर के साथ अपना फोन नंबर भी शेयर किया था जिससे बच्चे के परिजनों के बारे में कोई सूचना दी जा सके। बालक तुफैल के चाचा ने जब उस नंबर पर संपर्क किया तो परेरा ने उसे बच्चे के बारे में जानकारी दी जो गंगानगर पुलिस की सुरक्षा में था।