राजस्थान में लगातार बढ़ रहे अपराध को लेकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस नेताओं पर हमला बोला। उन्होंने कहा, राजस्थान की कांग्रेस सरकार महिला अपराध, दलितों पर अत्याचार और धार्मिक बर्बरता के मामले में नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। उन्होंने प्रदेश में हो रहे अपराधों पर कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं की चुप्पी भी सवाल उठाया।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार राजस्थान देश में दुष्कर्म के मामलों में पहले नंबर पर है। वहीं, नाबालिग लड़कियों की तस्करी के मामले में दूसरे नंबर पर है। प्रियंका गांधी वाड्रा जैसे कांग्रेस के बड़े नेता राज्य में छुट्टी मनाने आते हैं, लेकिन वहां की बिगड़ती कानून व्यवस्था के बारे में कभी कुछ नहीं कहते।
Live:
Press conference at BJP HQ.
https://t.co/GXCPa9YSZ7
— Gajendra Singh Shekhawat (@gssjodhpur) August 17, 2022
शेखावत ने कहा, 15 अगस्त को जब देश स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, उस समय राजस्थान के अलवर जिले के एक गांव में सब्जी बेचकर रोजी-रोटी कमाने वाले चिरंजीलाल को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पीट-पीट कर मार डाला। पिछले तीन साल में राजस्थान ने मॉब लिंचिंग, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और विशेष समुदाय के धर्म के खिलाफ अपराध में नए रिकॉर्ड बनाए हैं।
शेखावत ने कहा, राजस्थान में इतनी बड़ी घटना होने के बाद से सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मानवाधिकारों की चैंपियन अब कहां हैं? हाथरस और उन्नाव की घटनाओं पर 'मगरमच्छ के आंसू' बहाने वाले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को राजस्थान के हालात पर भी अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए।
इन दो मामलों से गरमाई प्रदेश की सियासत
- जालोर के सायला थाना क्षेत्र के सुराणा गांव के नौ साल के इंद्र मेघवाल की शिक्षक की कथित पिटाई से मौत हो गई। इंद्र सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। आरोप है कि 20 जुलाई को बच्चे ने स्कूल में रखे एक मटके से पानी पी लिया था। इसी बात पर शिक्षक छैल सिंह ने उसकी पिटाई कर दी। मासूम को गंभीर हालत में उदयुपर और अहमदाबाद में ले जाया गया। 24 दिन चले इलाज के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। शनिवार शाम को बच्चे की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया और फिर गिरफ्तार कर लिया। अब तक इस मामले में क्या हुआ, यह जाननें के लिए यहां क्लिक करें।
- राजस्थान के जयपुर में एक दलित महिला शिक्षिका को जिंदा जला दिया गया। दबंगों ने स्कूल जाते समय पेट्रोल डालकर महिला को आग लगा दी। आग से बुरी तरह झुलसी शिक्षिका की मंगलवार देर रात एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई। यह घटना दस अगस्त की है। जिसका वीडियो बुधवार को सामने आया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बोला हमला
इधर, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने हमला बोला है। उन्होंने कहा राजस्थान को जिस प्रकार से नीचा दिखाने की बात गजेंद्र सिंह शेखावत ने की है वह बहुत निंदनीय है। शेखावत अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को इस लायक नहीं मानते कि वह कुछ कर सके। यही कारण है कि शेखावत को दिल्ली में प्रेसवार्ता करनी पड़ी। डोटासरा ने कहा यह लोग महंगाई और बेरोजगारी पर नहीं बोलेंगे, यह तो वही बोलेंगे जो आरएसएस की पाठशाला में सिखाया जाता है।