जोधपुर के बोरोनाड़ा के ट्रेड फेसिलिटेशन सेंटर में लगने वाले राजस्थान इंटरनेशनल एक्सपो में हिस्सा लेने के लिए 28 देशों के 20 हजार से ज्यादा विदेशी बॉयर्स को राजस्थान सरकार ने आमंत्रण भेजा है। दुनिया के सभी देशों के भारतीय दूतावासों से राज्य सरकार ने सम्पर्क किया है। राजस्थान को इंडस्ट्रीयल डवलपमेंट में नई ऊंचाइयां देने और प्रदेश के हैंडीक्राफ्ट, वुडन और आयरन फर्नीचर, स्टील के बर्तन, कृषि, खाद्य उत्पाद, स्टोन आर्टिकल्स, इंजीनियरिंग गुड्स सेक्टर में एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए यह एक्सपो बड़ी भूमिका निभाएगा। उद्योग मंत्री शकुंतला रावत ने शुक्रवार को जयपुर के उद्योग भवन में एक्सपो के लोगो और ब्रॉशर लॉन्चिंग सेरेमनी में यह बात कही।
सीएम ने इसलिए जोधपुर को इंटरनेशनल प्रदर्शनी के लिए चुना
मंत्री शकुंतला रावत ने कहा- इंटरनेशनल एक्सपो प्रदेश में एक्सपोर्ट के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। जोधपुर को भारत की हैण्डीक्राफ्ट कैपिटल कहा जाता है। वुडन, आयरन से संबंधित हैण्डीक्राफ्ट्स आइटम जोधपुर से देश और दुनिया में एक्सपोर्ट किए जाते हैं। हाल ही भारत सरकार ने जोधपुर में पहले से संचालित हो रहे इनलैण्ड कंटेनर डिपो की कैपेसिटी बढ़ाने के लिए 95 करोड़ रुपए की विशेष सहायता राशि मंजूर की है। इसीलिए सीएम अशोक गहलोत ने जोधपुर को इस अन्तराष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए चुना है।
28 देशों के बॉयर्स को एक्सपो में हिस्सा लेने का निमंत्रण
इस मौके पर राजस्थान एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और राजसीको चेयरमैन राजीव अरोड़ा ने बताया कि एक्सपो में भाग लेने के लिए जर्मनी, फ्रांस, संयुक्त अरब अमीरात, यूके, सिंगापुर, नीदरलैंड, मेक्सिको, बेलारूस, चिली, हंगरी, पुर्तगाल, वियतनाम, ताइवान, ब्राजिल, कोलंबिया के अलावा श्रीलंका, भूटान, म्यांमार, कुवैत, दक्षिणी सूडान, जाम्बिया, नारू, फिजी कजाखस्तान जैसे कई देशों के बॉयर्स को निमंत्रण भेजा गया है।
यूरोप, अमेरिका, मध्य एशिया, ऑस्ट्रेलिया देशों के भआरतीय दूतावास और हाई कमिश्नर्स के जरिए फॉरेन बॉयर्स से कॉन्टैक्ट कर एक्सपो में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। राजस्थान लगातर प्रोग्रेस के रास्ते पर चल रहा है। प्रदेश का इंडस्ट्री सेक्टर भी इस डवलपमेंट से अछूता नहीं है।
इंडो ईस्ट अफ्रीका ट्रेड एक्सपो-2023 जुलाई में लगेगा
राजीव अरोड़ा ने बताया - एक्सपो में प्रदेश के उन कारीगरों को प्रोत्साहन मिलेगा, जिन्हें गांव-गांव में काम करके अपने प्रोडक्ट्स की प्रदर्शनी लगाने दिल्ली, मुम्बई जैसी मेट्रो सिटी में जाना पड़ता है। इस एक्सपो से उनके प्रोडक्ट्स ग्लोबल खरीदारों तक पहुंच सकेंगे। फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (FORTI) के साथ हाल ही में राजस्थान एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ने एमओयू किया है। जिसके तहत फोर्टी इस आयोजन में सहयोग देगा।
एमओयू के तहत जुलाई 2023 में नैरोबी और केन्या में प्रदेश के उद्यमियों के प्रोडक्ट्स को शोकेस करने के लिए इंडो ईस्ट अफ्रीका ट्रेड एक्सपो-2023 का आयोजन किया जाएगा। लोगो लॉन्चिंग सेरेमनी में एसीएस इंडस्ट्री वीनू गुप्ता, कमिश्नर महेंद्र कुमार पारख के अलावा आरईपीसी के वाईस चेयरमैन, महावीर प्रसाद शर्मा भी मौजूद रहे।