हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची थी एसडीआरएफ की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
मंगलवार दोपहर NH-8 पर दो ट्रेलरों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रेलर के केबिन में ड्राइवर बुरी तरह फंस गया। वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन बाहर नहीं निकाल पाए। मौके पर पहुंची SDRF की टीम ने ड्राइवर को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
SDRF के कमाण्डेंट IPS राज कुमार गुप्ता ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे NH-8 पर अजमेर के ब्यावर से जयपुर की तरफ जा रहे ट्रेलर की भिड़ंत एक अन्य ट्रेलर से हो गई। हादसा इतना भीषण था कि धमाके की आवाज SDRF कैम्पस में जवानों को सुनाई दी। ये आवाज सुनकर SDRF अजमेर के कंपनी प्रभारी करणी सिंह खुद जवानों और उपकरणों के साथ हाईवे पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंच कर SDRF की टीम ने देखा कि एक ट्रेलर का चालक केबिन में फंसा हुआ है और गंभीर घायल है।
जिसके बाद रेस्क्यू टीम के जवान राजेन्द्र और सुरेश कुमार ने केबिन में फंसे ड्राइवर को प्राथमिक उपचार दिया और अन्य जवानों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। जिसके बाद ट्रेलर के केबिन को काटकर चालक मनप्रीत पुत्र गुरवेद सिंह (35) को बाहर निकाला गया। चालक मनप्रीत फिरोजपुर पंजाब का रहने वाला है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।