राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में 1 अक्टूबर से ओपीडी का समय बदल जाएगा। सर्दियों के मौसम को देखते हुए प्रदेश के पीएचसी, सीएचसी, उप जिला अस्पताल, जिला अस्पताल और सैटेलाइट अस्पतालों में ओपीडी सुबह 9 बजे से शुरू होगी। यह व्यवस्था अगले साल 31 मार्च तक लागू रहेगी।
जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में अभी ओपीडी सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलती है। 1 अक्टूबर से यहां मरीजों को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ओपीडी की सुविधा मिलेगी। ओपीडी के लिए रजिस्ट्रेशन सुबह 8:30 बजे से शुरू होगा।
यह भी पढें-
राजस्थान में बारिश का आखिरी दौर: आज तीन संभागों में मेघगर्जन के साथ बौछारें, तेज हवाओं के बाद बढ़ेगी गर्मी
सरकारी अस्पतालों में भी यही समय
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप जिला अस्पताल, जिला अस्पताल और सैटेलाइट अस्पतालों में भी ओपीडी का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। यानी सर्दियों के दौरान अस्पतालों में ओपीडी एक घंटे देरी से शुरू होगी और दोपहर 3 बजे तक चलेगी।
सरकारी छुट्टी पर समय में बदलाव नहीं
राजकीय अवकाश के दिन ओपीडी का समय पहले की तरह ही रहेगा। छुट्टी वाले दिन सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सुबह 9 बजे से 11 बजे तक संचालित होगी। यह समय 1 अक्टूबर से लागू होने वाली नई व्यवस्था के बावजूद यथावत रहेगा।