बाघिन टी-107 सुल्ताना ने दिया शावकों को जन्म
- फोटो : अमर उजाला
रणथम्भौर टाइगर रिजर्व से एक बार फिर से खुशखबरी आई है। यहां इस बार बाघिन टी-107 सुल्ताना ने शावकों को जन्म दिया है। जिसके चलते वन्यजीव प्रेमियों में खुशी की लहर है।
रणथम्भौर टाइगर रिजर्व प्रथम के DFO मोहित गुप्ता ने बताया कि रणथंभौर टाइगर रिजर्व की ROPT ( रेंज ऑफ प्रोजेक्ट टाइगर) रेंज में बाघ T-107 की शावकों को जन्म देने की संभावना जताई जा रही थी। संभावनाओं के मद्देनजर टाइग्रेस की ट्रेकिंग और मॉनिटरिंग लगातार की जा रही थी। इसी कड़ी में शुक्रवार को ROPT रेंज के नाका शेरपुर के काली तलाई के पास बाघिन टी-107 एक शावक के साथ कैमरा ट्रैप में कैद हुई है। वनाधिकारियों के अनुसार बाघिन के एक से ज्यादा शावकों को जन्म देने की संभावना जताई जा रही है।
बाघिन टी-107 ने तीसरी बार शावक को जन्म दिया
बाघिन टी-107 बाघिन टी-39 की बेटी है। जिसकी उम्र करीब सात साल है। बाघिन टी-107 ने तीसरी बार शावक को जन्म दिया है। इससे पहले बाघिन दो बार मां बन चुकी है। फिलहाल वनाधिकारियों की ओर से फील्ड स्टॉफ को सुरक्षा, मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग के लिए निर्देश दे दिए गए हैं। रणथम्भौर में जुलाई में बाघिन टी-84 एरोहेड ने शावकों को जन्म दिया था। जिसके बाघिन सुल्ताना ने शावक को जन्म दिया है। फिलहाल रणथम्भौर में 81 बाघ बाघिन और शावक है।