राजस्थान के हनुमानगढ़ में सात अक्तूबर को अनुसूचित जाति के एक युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
यह घटना हनुमानगढ़ के प्रेमपुरा इलाके में हुई थी। आरोपियों ने जगदीश मेघवाल की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घटना का वीडियो भी बनाया गया था। इसमें आरोपी पीड़ित को पीने का पानी भी देते हैं और फिर लाठियों से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने कहा कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के भी प्रयास जारी हैं।
डीजीपी एमएल लाथेर ने बताया कि मृतक के आश्रितों के लिए जिला कलेक्टर ने बतौर मुआवजा 4.12 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। हनुमानगढ़ की एसपी प्रीति जैन ने बताया कि अन्य आरोपियों को भी पकड़ने के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार ओडे, दिलीप कुमार, सिकंदर व हंसराज के रूप में हुई है।
भाजपा व मायावती ने कांग्रेस को घेरा
अजा युवक की हत्या को लेकर भाजपा व बसपा ने राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस को घेरा था। मायावती ने ट्वीट किया था कि हनुमानगढ़ में युवक की पीट पीटकर हत्या निंदनीय है। कांग्रेस हाईकमान इस पर मौन क्यों है? क्या पंजाब व छत्तीसगढ़ के सीएम वहां जाएंगे और मृतक के आश्रितों को 50 लाख रुपये देंगे? भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि कांग्रेस ने अपने तमाम मुख्यमंत्रियों और नेताओं को उत्तर प्रदेश में उतार दिया, लेकिन राजस्थान की इस घटना पर मौन हैं। भाटिया ने कहा था कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया है कि लखीमपुर खीरी की घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी, पुलिस भी कानून के तहत काम कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
राजस्थान के हनुमानगढ़ के पीलीबंगा इलाके के प्रेमपुरा गांव में गुरुवार की शाम को कुछ दबंगों ने अनुसूचित जाति के युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी थी। प्राथमिक तौर पर इसे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। मृतक वहीं की रहने वाली एक तलाकशुदा महिला को लगातार फोन कर परेशान कर रहा था। परिजनों ने कई बार इस पर आपत्ति जताई लेकिन शिकायत का उस पर कोई असर नहीं हुआ। इसी के चलते गुरुवार की शाम को कुछ लोगों ने खेत में ले जाकर निर्ममता पूर्वक उसकी हत्या कर दी।