सार
Rajasthan Election: राजस्थान में विधानसभा चुनाव के बाद अब जीत-हार के कयास लगने शुरू हो गए हैं। चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार व राजनीतिक दल अपने समर्थकों से क्षेत्रवार मतदान व वोटों के आंकड़ों को जुटाने में लग गए हैं। इसी कड़ी में दौसा में भी रविवार को हर गली, नुक्कड़ और चाय की थड़ियों पर हार जीत को लेकर चर्चाओं का दौर देखने को मिला।
मतदान के बाद जीत-हार पर शुरू हुई चर्चा
- फोटो : सोशल मीडिया
दौसा जिले सहित राजस्थान में विधानसभा चुनाव शनिवार को संपन्न हुए हैं, जिनका परिणाम 3 दिसंबर को जारी किया जाएगा। लेकिन उसके पहले ही महवा विधानसभा सहित तमाम विधानसभाओं में चुनावी गुणा भाग लगना शुरू हो चुके हैं।
दौसा जिले के हर क्षेत्र के हर गली, नुक्कड़ और चाय की थड़ियों पर अपने आप को राजनीति के चाणक्य मानने वाले लोग आमजन के साथ अपनी अपनी ओर से प्रत्याशियों के हार जीत के आंकड़े बिठाने में चाय की चुस्कियां के साथ व्यस्त रहे। इधर, रविवार छुट्टी का दिन होने के कारण सरकारी कर्मचारी शांतिपूर्ण मतदान के साथ मतपेटिया जमा होने के बाद अपने आप को आराम की मुद्रा में देखने को मिले। गौरतलब है कि बीते दिन शनिवार को ही महुवा विधानसभा चुनाव संपन्न हुए हैं और रविवार सुबह से ही चाय की थड़ी, गली मुहल्ले और नुक्कड़ों पर चुनावी चर्चाओं ने नए नए रंग लेना शुरू कर दिया है। चुनाव प्रचार के शोर के थमते ही यह दूसरा शोर जारी हो गया है।
महुवा विधानसभा में चतुष्कोणीय मुकाबला
बता दें कि महुवा में इस बार मतदाता के साथ लोगों की राय के अनुसार महुवा विधानसभा क्षेत्र में 12 प्रत्याशियों में से मुकाबले को चतुष्कोणीय माना है, जिसमें भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र मीणा, कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश हुडला, निर्दलीय प्रत्याशी रामनिवास गोयल तथा आसपा से मुकुल भड़ाना को प्रमुख दावेदार माना है। आमजन से चाय पर चर्चा करते हुए पाया कि लोगों में चुनाव होने और उसके परिणाम आने तक खासा रुचि बनी हुई है।