दीया कुमारी ने सभा को संबोधित किया।
- फोटो : अमर उजाला
सांसद दीया कुमारी सवाई माधोपुर से भाजपा प्रत्याशी डॉ किरोड़ीलाल मीणा की नामांकन रैली में शामिल हुईं। इससे पहले उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा- यहां कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह सराहनीय है। सवाई माधोपुर आकर मुझे ऐसा लग रहा है जैसे अपने परिवार में आई हूं।
उन्होंने कहा- डॉ. किरोड़ीलाल मीणा वर्षों से जनता की सेवा करते आए हैं। राजस्थान में जहां भी अन्याय हुआ है, वहां किरोड़ीलाल खड़े रहे। दीया कुमारी ने कहा कि मेरे कार्यकाल में यहां अभूतपूर्व विकास हुआ था। यातायात, चिकित्सा, शिक्षा, पानी या रोजगार से जुड़ा कोई भी काम हो, भाजपा के विधायक के नाते मैंने सजगता से किया।
दीया कुमारी देवली उनियारा में आयोजित जनसभा में भी शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। दीया ने कहा- कि राजस्थान में महिलाओं पर इतने अत्याचार होने के बावजूद कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व चुप रहा। ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का हक नहीं है। विश्व स्तर पर अपनी पहचान रखने वाले प्रदेश की अस्मिता को इस सरकार ने मिट्टी में मिला दिया है।
देर शाम दीया कुमारी ने जयपुर स्थित राजपूत भवन में जयपुर के संस्थापक महाराजा सवाई जय सिंह जी द्वितीय की जयंती समारोह में शिरकत की और उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महाराजा सवाई जय सिंह जी द्वितीय एक कूटनीतिज्ञ, कुशल योद्धा, संस्कृत और फारसी के प्रखंड विद्वान् होने के साथ ही गणित और ज्योतिषी के भी अच्छे ज्ञाता थे। उनके द्वारा किए गए कार्यों की ख्याति दुनिया के हर कोने में है। उनका बसाया जयपुर आज वर्ल्ड हेरिटेज सिटी है।