राजस्थान स्थापना समारोह का उद्घाटन रंगारंग तरीके से किया जाएगा। जनपथ पर 27 मार्च को होने वाले उद्घाटन समारोह में तीन सौ से ज्यादा कलाकार एक साथ एक प्रस्तुति में नजर आएंगे। इस प्रस्तुति को जाने माने निर्देशक भानु भारती कोरियोग्राफ करेंगे।
इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होगा। राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित उद्घाटन समारोह 110 मिनट का होगा। इस अवसर पर आयोजित ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं में रुमाल झपट्टा और रस्सा-कस्सी के फाइनल होंगे। इसके साथ ही जनपथ पर सड़क के दोनों ओर राज्य के विभिन्न संभागों की झांकियों के प्रदर्शन के साथ-साथ लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां भी होगी।
कार्यक्रम में आर्मी, एयर फोर्स एवं राजस्थान पुलिस के सामूहिक बैंड की प्रस्तुति दी जाएगी। आतिशबाजी का शानदार प्रदर्शन भी इस रंगारंग कार्यक्रम का एक भाग होगा। राजस्थान दिवस की मशाल को ’राजस्थान दिवस मैराथन’ के विजेताओं द्वारा राज्य के संभागीय मुख्यालयों से यहां लाया जाएगा। यह सर्वप्रथम अंबेडकर सर्किल पहुंचेगी और फिर अमर जवान ज्योति होते हुए एसएमएस स्टेडियम पहुंचेगी।
इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। समारोह में राजस्थान के खेल मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर और पर्यटन राज्यमंत्री कृष्णेंद्र कौर (दीपा) विशिष्ठ अतिथि होंगे।