सवाई माधोपुर के रणथंभौर स्थित होटल नाहरगढ़ में दो दिवसीय बीजेपी की विजय संकल्प बैठक खत्म हो गई। आगामी विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर ऐतिहासिक जीत का संकल्प बीजेपी नेताओं ने लिया। साथ ही पेपर लीक, भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ 18 जुलाई को अजमेर में बड़ा प्रदर्शन पार्टी करेगी।
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी मानकर चल रही है कि सचिन पायलट ने युवाओं को गुमराह किया और उनके मुद्दों से अब वह पीछे हट गए हैं। जनता में यह मैसेज समझौते के साथ जा चुका है कि उनका आंदोलन सत्ता पाने और कुर्सी की लड़ाई के लिए था। इसलिए बीजेपी अब इस मुद्दे पर टेकओवर करके मजबूती से युवाओं की आवाज बनेगी।
चुनावी रणनीति पर चिंतन-मनन और मंथन...
दो दिवसीय बीजेपी की विजय संकल्प बैठक में आठ सत्रों में बैठक के दौरान आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव को लेकर विस्तार पूर्वक चुनावी रणनीति पर चिंतन-मनन और मंथन किया। बैठक के दौरान राष्ट्रीय संगठन मंत्री और महासचिव बीएल संतोष ने कई मुद्दों पर नेताओं से सुझाव भी लिए। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, अर्जुन राम मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, जसकौर मीणा, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, दीया कुमारी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और किरोड़ीलाल मीणा सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
हर बूथ पर जीत के साथ 2023 में ऐतिहासिक जीत का संकल्प...
दूसरे दिन की विजय संकल्प बैठक सुबह नौ से लेकर शाम पांच बजे तक चली। इस बैठक के पश्चात बीजेपी द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता के दौरान सीपी जोशी ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा ने हर बूथ पर जीत के साथ 2023 में ऐतिहासिक जीत का संकल्प लिया है।
'महिला और दलित विरोधी प्रदेश कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प'
जोशी ने कहा कि बैठक में महिला विरोधी और दलित विरोधी प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया गया। तुष्टीकरण और परिवारवाद की राजनीति को समाप्त करने का भी संकल्प भी बैठक में लिया गया। जोशी ने कहा कि आगामी 18 जुलाई को कांग्रेस के कुशासन, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और युवाओं को छात्रवृत्ति नहीं देने के खिलाफ अजमेर में भाजपा द्वारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में विभिन्न मुद्दों पर भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार को जमकर घेरा जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा, 14 तारीख से राजस्थान विधानसभा का सत्र शुरू होने जा रहा है। विधानसभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से किए गए वादे अधूरे हैं। बजट घोषणा अधूरी हैं और जन घोषणा पत्र के वादे भी अधूरे हैं। हम तमाम मुद्दों पर रोजाना प्रदेश की कांग्रेस सरकार को घेरेंगे। कुशासन, जंगलराज व्यवस्था, लुटता पिटता नौजवान, कुशासन, आरपीएससी की गिरती हुई साख, परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा की मात्र गिरफ्तारी के बाद जांच आगे नहीं बढ़ना समेत तमाम मुद्दों पर बीजेपी प्रदेश कांग्रेस सरकार को घेरने का काम करेगी।