डीडवाना जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चितौड़गढ़ के निंबाहेड़ा की जेके सीमेंट कंपनी से चोरी हुए एक करोड़ 20 लाख रुपये बरामद किए। यह राशि आरोपी के मामा के कुचामन स्थित घर से बरामद की गई है।
बता दें कि मामला बेहद रौचक है। यह पूरी घटना निंबाहेड़ा में हुई। जहां जेके सीमेंट कंपनी के रुपये कर्मचारी अंकित मोरे ने चोरी किए और अपने मामा के घर छुपा दिए। कंपनी के प्रतिनिधि की तरफ से इस चोरी को लेकर निंबाहेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। इसमें मौलासर निवासी कंपनी के कर्मचारी अंकित मोरे पर चोरी का संदेह जताया और 12 लाख 50 हजार रुपये चोरी होने की रिपोर्ट दी।
निंबाहेड़ा पुलिस ने इसकी सूचना मौलासर पुलिस को दी, ताकि अंकित मोरे के घर और उसके परिचितों के यहां तलाशी की जा सके। यहां मौलासर पुलिस ने आरोपी के मामा के कुचामन स्थित घर की तलाशी ली तो पुलिस हैरान रह गई। जो राशि बताई थी, उससे कई गुना ज्यादा राशि एक बैग में मिली। पुलिस ने इन नोटों को गिना तो एक करोड़ 20 लाख रुपए हुए, जिन्हें मौलासर पुलिस ने जब्त कर लिया।
साथ ही चितौड़गढ़ की निंबाहेड़ा थाना पुलिस को इसकी सूचना भी दी है। रिपोर्ट में राशि 12 लाख 50 हजार चोरी होना ही बताया। लेकिन चोरी हुए थे, एक करोड़ 20 लाख। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।