राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने अपने विधानसभा क्षेत्र विद्याधर नगर की ज्वलंत समस्याओं को हल करने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को दीया ने सीकर-जयपुर नेशनल हाईवे रोड नंबर 14 से लेकर हरमाड़ा तक लगने वाले जाम की समस्या के निराकरण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के साथ मौके पहुंचकर जायजा लिया।
साथ ही नेशनल हाईवे अथोरिटी के अधिकारियों के साथ 14 नंबर पुलिया से नींदड मोड़ और टोडी इलाके का भी जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के निजी उप-सचिव शैलेश शर्मा, एनएचएआई के रीजनल ऑफिसर हरीश कुमार, प्रोजेक्ट डारेक्टर अजय आर्य और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने जाम की समस्या को हल करने के लिए फ्लाई-ओवर और रोड के चौड़ाई बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को देते हुए कहा कि इसे लेकर जल्द से जल्द काम शुरू किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सीकर रोड पर हाईवे क्रॉसिंग के समय जाम की समस्या के समाधान, दुर्घटनाओं को रोकने और जल भराव को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने का भी निर्देश दिया।
इससे पहले शुक्रवार को दीया कुमारी ने विद्याधर नगर में पीने के पानी की समस्या को हल करने लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को ने सख्त निर्देश दिए थे कि हर कॉलोनी में पीने के पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए।