राजधानी जयपुर में कांग्रेस पार्टी के नए प्रदेश मुख्यालय भवन का निर्माण कार्य विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू कर दिया गया। इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (RPCC) के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भवन निर्माण कार्य की शुरुआत करते हुए कहा कि यह कांग्रेस की एक लंबे समय से महसूस की जा रही ज़रूरत थी।
डोटासरा ने जानकारी दी कि यह भवन दो बेसमेंट और तीन मंजिलों सहित कुल पांच मंजिला होगा, जिसमें प्रदेश कांग्रेस और उससे जुड़े सभी संगठनों के कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान कार्यालय भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में स्थित है, जहां ट्रैफिक की समस्या बनी रहती है। ऐसे में नया भवन कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाएगा।
डोटासरा ने बताया कि इस भवन के लिए 6000 वर्ग मीटर भूमि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व मंत्री शांति धारीवाल के प्रयासों से उपलब्ध करवाई गई थी। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का भी आभार जताया, जिनकी उपस्थिति में पूर्व में भूमि पूजन हुआ था।
डिजिटल माध्यम से चंदा, नगद नहीं ले रही कांग्रेस
डोटासरा ने यह भी स्पष्ट किया कि इस भवन के निर्माण में किसी भी तरह का नगद दान नहीं लिया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और सभी ने ऑनलाइन माध्यम से चंदा देने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि डेढ़ से दो वर्षों में भवन निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: IGP विकास कुमार की जनसुनवाई, नशे के खिलाफ समाज को एकजुट होने का आह्वान
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का बयान
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि यह भवन राजस्थान की आम जनता के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का इसमें सामूहिक योगदान रहेगा और यह भवन ऐतिहासिक बनेगा। उन्होंने कांग्रेस को जनहित की पार्टी बताते हुए कहा कि पार्टी ने 70 वर्षों तक देश निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया, न कि केवल अपने लिए भवन बनाने पर।
टीकाराम जूली ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता में आते ही पूरे देश में अपने कार्यालयों के निर्माण में जुट जाती है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रहित और जनसेवा को प्राथमिकता दी है। जनता अब इन दोनों दलों के बीच का अंतर भलीभांति समझ चुकी है। भवन निर्माण कार्य के शुभारंभ के मौके पर एआईसीसी के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।