बीएसएफ सरहद की हिफाजत के साथ सामाजिक सरोकार के लिए तत्पर है। इसके लिए सिविक एक्शन के तहत विभिन्न प्रकार की गतिविधियां एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाता है। बीएसएफ बाड़मेर सेक्टर के उप महानिरीक्षक राजकुमार बसट्टा ने चांदे का पार में सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत कंप्यूटर लैब एवं चिकित्सा शिविर के शुभारंभ के अवसर पर यह बात कही।
उप महानिरीक्षक राजकुमार बसट्टा ने कहा कि इस सिविक एक्शन कार्यक्रम का उद्देश्य सीमा क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं एवं स्कूली छात्रों को आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ वर्तमान समय में होने वाले साइबर अपराधों के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वीर छिहत्तर बटालियन की ओर से इससे पूर्व में भी सरहदी इलाकों के ग्रामीणों के उत्थान एवं प्रोत्साहन के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया है। इसके तहत हथियारों का प्रदर्शन कर अर्धसैनिक बलों की कार्य प्रणाली और भर्ती प्रक्रिया के बारे में जागरूक करने के साथ सीमा पर रहने वाले युवाओं के लिए प्री-रिक्रुटमेंट प्रशिक्षण एवं समय-समय पर मेडिकल कैम्पों का आयोजन किया जाता रहा है।
इस दौरान उप महानिरीक्षक राजकुमार बसट्टा ने महात्मा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चांदे का पार में कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया। इस दौरान 76वीं बटालियन के कमांडेंट सतीश कुमार मिश्रा एवं अन्य उच्च स्तरीय अधिकारीगण एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सिविक एक्शन कार्यक्रम के दौरान बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय क्षेत्रीय बावा की अध्यक्षा प्रीती बसट्टा भी मौजूद रहीं।
क्षेत्रीय बावा अध्यक्षा ने सीमावर्ती महिलाओं से परस्पर संवाद करते हुए सामाजिक जीवन के उत्थान के बारे में उनको जागरूक किया। वीर 76वीं बटालियन की ओर से सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत सीमा क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं एवं बच्चों के आधुनिक शिक्षा तथा बेहतर करियर उत्थान को लेकर चांदे का पार में कंप्यूटर लैब शुभारंभ तथा मेडिकल कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।