राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि मोदी है तो सबकुछ नामुमकिन है। गहलोत ने कहा कि मोदी ने पिछले लोकसभा चुनाव से पहले जनता से किए एक भी वादे पूरे नहीं किए। पुलवामा हमले पर गहलोत ने कहा कि मोदी चुनाव से पहले कहते थे एक सिर के बदले 10 सिर काट कर ले आएंगे, अब उनके मुंह पर ताले लग गए। मोदी अब आतंकवाद को मुद्दा बनाकर फेस सेविंग कर रहे हैं।
'एक के बदले 10 सिर लाने की बात करते थे मोदी'
अशोक गहलोत ने कहा कि नरेंद्र मोदी को लेकर ऐसी धारण बनी हुई है कि चुनाव जीतने के लिए वे कुछ भी कर सकते हैं। यह धारणा लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। गहलोत ने कहा कि पुलवामा हमले पर प्रधानमंत्री मोदी के पास कोई जवाब नहीं है। घटना के दिन से ऐसा माहौल तैयार किया जा रहा है कि जैसे मोदी कोई बड़ी कार्रवाई करेंगे।
लोगों में केंद्र सरकार के प्रति आक्रोश है। देश की जनता सवाल कर रही है कि इतने जवान शहीद हो गए, इतने दिन गुजर गए लेकिन मोदी सरकार क्या कर रही है? मोदी जी चुनाव से पहले कहते थे एक सिर के बदले 10 सिर काट कर ले आएंगे। लेकिन अब उनके मुंह पर ताले लग गए हैं।
'पीएम मोदी अपना चेहरा छुपा रहे हैं'
पीएम मोदी अब आतंकवाद को मुद्दा बनाकर अपना चेहरा छुपा रहे हैं। चुनाव से पहले वे कहते थे काला धन ले कर आएंगे, लेकिन अब उस बारे में कुछ नहीं बोलते हैं। राहुल गांधी उनसे पूछते है कि राफेल का सौदा कैसे किया लेकिन पीएम कुछ बोलते ही नहीं हैं।
अशोक गहलोत ने कहा मोदी ने टोंक में नारा दिया था कि मोदी है तो मुमकिन है, लेकिन ऐसा नहीं है। सही यह है कि मोदी है तो सबकुछ नामुमकिन है।
'चुनाव के समय किसानों की याद आई'
गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी ने राज्य सरकारों पर आरोप लगाया कि 10 दिन में कर्जमाफी का वादा पूरा नहीं हुआ। उनके इस पर मुझे आपत्ति है। प्रदेश में चाहे लघु किसान हों या सीमांत किसान सभी का पूरा कर्ज माफ हो रहा है।
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी मांग करते आ रहे हैं किसानों को समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा। किसान खुदकुशी कर रहे हैं। मोदी जी बिना जानकारी लिए सिर्फ आलोचना करते हैं। मोदी जी को जानकारी होनी चाहिए जो किसान कल्यान योजना से वे किसानों को छह हजार रुपये देंगे। उससे ज्यादा तो हम किसानों को पेंशन दे रहे हैं। पीएम मोदी को चुनाव से ठीक पहले किसानों की याद आई है।
राजस्थान में कांग्रेस मजबूत
लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर गहलोत ने कहा कि पिछली बार जब हम सरकार में आए थे तो लोकसभा चुनाव में हमने 25 में से 20 सीटें जीती थीं। इस बार भी राजस्थान में पार्टी मजबूत स्थिति में है। गहलोत ने कहा कि निर्दलीय विधायक मिल रहे हैं और मैंने उनसे लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का साथ देने के लिए कहा है।