पुलिस गिरफ्त में आरोपी प्रकाश।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले में जालोर से भाजपा विधायक जोगेश्वर गर्ग के बेटे प्रकाश को गिरफ्तार किया है। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया गया है। जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, इस मामले में विधायक जोगेश्वर गर्ग और उनकी पत्नी कमला को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी है।
दरअसल, 15 साल पहले विधायक जोगेश्वर गर्ग के बेटे प्रकाश की शादी भोपालगढ़ के विधायक और आरएलपी प्रदेश अध्यक्ष पुखराज गर्ग बेटी से हुई थी। दो साल प्रकाश की पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था। मामले में हाईकोर्ट ने प्रकाश, जोगेश्वर गर्ग और उनकी पत्नी कमला की गिरफ्तारी पर लगा रखी थी। बीते 11 सितंबर को हाईकोर्ट ने प्रकाश की गिरफ्तारी से रोक हटा ली थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में थी। सोमवार को प्रकाश ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है।
जानें क्या है मामला
जानकारी के अनुसार 7 फरवरी 2007 को प्रकाश पुंज और ममता की शादी हुई थी। 2020 में ममता ने पति प्रकाश, ससुर जोगेश्वर गर्ग और सास कमला के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था। अपनी शिकायत में उसने कहा था कि उसके पिता ने शादी में मांग के अनुसार दहेज दिया था। इसके बाद भी विवाह के दूसरे दिन उससे दहेज की मांग की जाने लगी।
मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा और 10 लाख रुपये पिता से मांगने का दबाव बनाया जा रहा था। ममता का आरोप था कि शादी के बाद वह 2008 , 2009, 2010 और 2015 में गर्भवती हुई, लेकिन मारपीट के कारण उसका गर्भपात हो गया था। इसके अलावा उसने प्रकाश के ऊपर नशा करने का भी आरोप भी लगाया था। पीड़िता ने पुलिस से कहा था कि अपने पिता की सामाजिक प्रतिष्ठा के कारण वह चुप रही, लेकिन जब ससुराल वालों ने प्रताड़ना सहन नहीं कर पाई तो केस दर्ज कराया।