सीएम गहलोत ने गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब देते हुए विधानसभा सदन में विपक्ष को भी जमकर आड़े हाथों लिया और उस पर कटाक्ष किए। गहलोत बोले प्रधानमंत्री मोदी दौसा आ रहे हैं। हम यह सुन रहे हैं। यह अच्छा मौका है कि हम उन्हें ERCP का मुद्दा याद दिलाएं या फिर सब मिलकर दिल्ली चलें।
वहां पीएम हमें चाय पिलाएं तो ठीक है। पीएम की इतनी तो याददाश्त है कि उन्हें अपना किया हुआ वादा याद आ जाएगा। अगर नहीं तो हम साथ में उनके भाषण की रिकॉर्डिंग भी ले जाएंगे। ईआरसीपी राजस्थान की बहुत अहम परियोजना है। इस पर हम सबको मिलकर कोशिश करनी चाहिए।
4 साल में बीजेपी कोई मुद्दा नहीं खड़ा कर सकी
गहलोत ने कहा- विपक्ष में बीजेपी ने 4 साल निकाल दिए, लेकिन वह प्रदेश में हमारी सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा खड़ा नहीं कर सकी है। बीजेपी ने हाल ही में जो जन आक्रोश यात्रा निकाली है, उसमें न जन दिखा और न आक्रोश नजर आया।
पूरे देश मे पेपरलीक गैंग बन चुके
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि पेपरलीक बहुत गंभीर मामला है। पूरे देश में पेपरलीक के गैंग बन चुके हैं। गुजरात में भी हाल में पेपरलीक हो गया, वहां बच्च्चे सड़कों पर आ गए हैं। इसलिए हमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचना होगा। हम सब को मिलकर इसे रोकने पर चिंतन करना चाहिए।
पीएम मोदी बनाएं सोशल सिक्योरिटी का कानून
सीएम ने कहा- पीएम मोदी को दो बातों के लिए आगे आना चाहिए। पहला- पूरे देश में सोशल सिक्योरिटी का कानून बनाना चाहिए। बुजुर्गों को पेंशन के लिए कानून बनाना चाहिए। मोदीजी ऐसे कानून बनाएं कि जिंदा रहने के लिए लोगों और मजदूरों कक मिनिमम तो पैसा मिले, ताकि वो बुढ़ापे में गुजरा कर सके, यह करने की जरूरत है। दूसरा- हमारा सपना है यूनिवर्सल हेल्थकेयर। चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में केवल इनडोर पेशेंट में 31 लाख लाभार्थी हो चुके हैं।
नेता प्रतिपक्ष का पूरा भाषण झूठ पर टिका पुलिंदा
गहलोत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया का पूरा भाषण भावनाओं पर टिका हुआ और झूठ का पुलिंदा था। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार सबको साथ लेकर चल रही है, इससे बड़ा झूठ हो नहीं सकता है। क्योंकि हमारा तो मुद्दा ही यही है कि आज देश में किस तरह का माहौल है।
लोकसभा में बीजेपी का एक भी सांसद मुस्लिम नहीं है, तो आप किस आधार पर सबको साथ लेकर चलने की बात करते हो। अब चुनाव आने वाले हैं, इसलिए नेता प्रतिपक्ष केवल मोदीजी को इंप्रेस करने के लिए भाषण दे रहे थे। गहलोत बोले-उपचुनाव में कांग्रेस लगातार जीत रही है। एक जगह तो उपचुनाव में बीजेपी तीसरे नंबर पर आई है, यह नहीं भूलना चाहिए कि जनता माई-बाप होती है।