राजस्थान में मतदान की तारीख पास आते ही जुबानी हमले भी तेज हो गए हैं। नया हमला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने भाजपा के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ पर बोला है।
पायलट ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए पूछा है कि क्या वह टोंक से अपनी पार्टी के उम्मीदवार यूनुस खान के लिए वोट मांगने आएंगे। बुधवार को पूरे दिन नौ पंचायतों और शहर में चुनाव प्रचार के दौरान पायलट ने भाजपा पर धर्म और जाति के नाम राजनीति करने का आरोप लगाया।
पायलट के सामने भाजपा का एकमात्र मुस्लिम उम्मीदवार
टोंक में अपने हर भाषण के दौरान सचिन पायलट ने यूनुस खान के साथ चुनावी लड़ाई को व्यक्तिगत की जगह विचारधारा की लड़ाई बताया। पायलट ने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री राज्य के अलग-अलग हिस्सों में प्रचार के लिए जा रहे हैं, क्या वह यहां भी आएंगे? बता दें कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
फूलों से तौलकर हुआ पायलट का स्वागत
बुधवार को प्रचार के दौरान गांवों में लोगों ने पायलट को बैलगाड़ी और रथ में बैठाकर और फूलों से तौलकर अनोखा स्वागत किया। इस दौरान पायलट ने टोंक के वोटरों से उन्हें राज्य में सबसे ज्यादा मतों से विजयी बनाने की अपील की। पायलट ने कहा कि केंद्र और राज्य में बीजेपी की सरकार है। लोगों को विकास की उम्मीद थी। ऐसे में किसानों के आत्महत्या करने से उन्हें बहुत दुख पहुंचा है।