राजस्थान में विधानसभा चुनाव सरगर्मियों के बीच गुरुवार सुबह एक दुखद खबर आई। प्रदेश के अलवर जिले के रामगढ़ सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह का दिल का दौरा पड़ने से आज सुबह मौत हो गई। रामगढ़ के निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह का गुरुवार सुबह निधन हो गया। किसी उम्मीदवार के निधन होने पर चुनाव स्थगित कर दिया जाता है और भारत के चुनाव आयोग द्वारा चुनाव के लिए अगली तिथि के बारे में अधिसूचित किया जाता है।
अलवर जिले के डीएम प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि चुनाव आयोग संबंधित पार्टी को नए उम्मीदवार के नामांकन के लिए 7 दिन का समय देता है। इसके बाद नई चुनाव तारीख की घोषणा की जाती है। इस मामले में भी यही प्रक्रिया अपनाई जाएगी। मतदान को स्थगित किया जा चुका है और चुनाव आयोग नई तारीख पर विमर्श कर रहा है।
उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधि ऐक्ट 1951 ऐसा प्रावधान है कि अगर किसी राष्ट्रीय पार्टी के उम्मीदवार का नामांकन के बाद निधन हो जाता है तो निर्वाचन अधिकारी मतदान स्थगित कर सकता है। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सिंह समेत कुल 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। अब राज्य की 200 में से 199 सीटों पर ही सात दिसंबर को मतदान होगा।
बता दें कि इससे पहले मध्यप्रदेश की राजपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी देवी सिंह पटेल का 5 नवंबर को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उनका मुकाबला स्थानीय विधायक और कांग्रेस के प्रत्याशी बाला बच्चन से होना था। देवी सिंह पटेल का निधन नामांकन दाखिल करने से पहले हुआ था।