राजस्थान में नाबालिग लड़कियों को देह व्यापार में झोंकनेवालों को पुलिस ने धर-दबोचा है। अलवर जिले की खैरथल पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को भगाने एवं उसे देह व्यापार में झोंकने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर एक युवती को उनके चंगुल से मुक्त कराया हैं। पुलिस के अनुसार इस मामले में एक दम्पत्ति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अब पुलिस पूछताछ में लगी है कि इन आरोरिपों ने इससे पहले और ऐसी ही कौन-कौन सी घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस मामले को संवेदनशील व अत्यंत गम्भीर मानकर बारीकी से पूछताछ करने में जुटी है और अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है।
बहला फुसला कर भगाया
पुलिस ने बताया कि खैरथल थाना क्षेत्र के हरसौली से गत 30 मार्च को 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को उस समय बहला फुसला कर भगा लिया गया जब वह अपने घर से बाजार में कोई सामान लेने गई थी।
न्यायालय ने लड़की के पिता की रिट याचिका पर लड़की को जल्द से जल्द तलाशने के आदेश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने एक दम्पत्ति ध्रुव कुमार पाण्डे उर्फ अंकित कुमार पाण्डे एवं उसकी पत्नी पायल उर्फ ममता एवं उनके सहयोगी हितेश जाटव को गिरफ्तार कर हरसौली से अपहिृत नाबालिग को बरामद कर लिया गया।