राजस्थान के नागौर जिले के दावा गांव में ग्रामीणों ने एक युवक की पिटाई कर दी। युवक पर चोरी का आरोप था। पिटाई के बाद उसके बाल भी काटे गए और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। इससे आहत युवक ने सोमवार सुबह गांव के ही टांके में कूदकर खुद की जान दे दी।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पूरी घटना का वीडियो वायरल हो गया है। इसमें एक व्यक्ति युवक के बाल काटते हुए दिख रहा है। इस दौरान कई लोग उसे घेरे हुए हैं।
जान से मारने की दी धमकी फिर किया दादा के सुपुर्द
मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार रात को गांव के कुछ लोगों ने 25 वर्षीय सोहनलाल जाट को पकड़ लिया। इस दौरान उस पर चोरी का आरोप लगाया गया और जमकर पिटाई की गई। ग्रामीणों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद युवक को उसके दादा के हवाले कर दिया गया, लेकिन अगली ही सुबह युवक ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस पर लगा लापरवाही का आरोप
पूरी घटना में कार्रवाई न शुरू करने पर पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगा है। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद एसएचओ लालचंद मीणा का कहना है कि घटना के बारे में युवक के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई थी, लेकिन वीडियो आने के बाद घटना की जांच की जा रही है।