सड़क हादसे में बुजुर्ग और रेसर बाइक चालक की हुई मौत
- फोटो : Amar Ujala
दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर बहरोड़ क्षेत्र के शेरपुर गांव के पास शुक्रवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग और रेसर बाइक चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक ने हाईवे किनारे खड़े बुजुर्ग को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल बाइक चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
दिल्ली की ओर से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर टकराई
पुलिस के अनुसार, खेड़की गांव निवासी मोहनलाल मेघवाल (60) शुक्रवार शाम शेरपुर के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से तेज गति से आ रही एक रेसर बाइक अनियंत्रित होकर उनसे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहनलाल कई फीट दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक बाइक चालक की पहचान नमन चावला (24) निवासी जवाहर नगर, जयपुर के रूप में हुई है।
आधे घंटे तक प्रभावित रहा यातायात
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
पुलिस ने दोनों शवों को बहरोड़ के राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शनिवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने हादसे की सूचना दोनों परिवारों को दे दी है।
ये भी पढ़ें-
RCA चुनाव फिर टले: एडहॉक कमेटी का कार्यकाल 3 महीने बढ़ा, सितंबर तक चुननी होगी नई कार्यकारिणी
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण बाइक की तेज रफ्तार माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
इस दर्दनाक हादसे के बाद शेरपुर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।