केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
- फोटो : अमर उजाला
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि अगले 3 साल में 400 नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत होगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट में इसकी घोषणा की है। साथ ही रेलवे छोटे किसानों और मीडियम और स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज के लिए नए प्रोडक्ट और कुशल लॉजिस्टिक्स सर्विस डवलप करेगा। डॉमेस्टिक प्रोडक्ट्स की सप्लाई चैन बढ़ाने के लिए 'एक स्टेशन, एक उत्पाद' स्कीम शुरू की जाएगी। जो देश के विकास को गति देगा। भारतीय रेलवे की गति के लिए 100 गतिशक्ति कार्गो की भी प्लानिंग है।
अगस्त-सितंबर 2023 से हर महीने 7-8 वंदे भारत ट्रेन फैक्ट्री से निकलने लगेंगी
रेल मंत्री वैष्णव बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा- बजट में रेलवे को 1,37,000 करोड़ रुपए का कैपिटल निवेश का सहयोग मिला है। इससे रेलवे की कई सालों से रुकी हुईं परियोजनाएं फिर से शुरू हो सकेंगी। अभी वंदे भारत ट्रेन का पहला वर्जन चल रहा है, अब उसका दूसरा वर्जन भी आ रहा है, जिसका प्रोडक्शन किया जा रहा है। अप्रैल से वंदे भारत ट्रेन के दूसरे वर्जन की टेस्टिंग शुरू हो जाएगी और अगस्त-सितंबर 2023 से हर महीने 7-8 वंदे भारत ट्रेन फैक्ट्री से निकलने लगेंगी। फिलहाल पहले वर्जन में वंदेभारत ट्रेन की स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा है। बजट में इसकी अलग जेनरेशन तैयार करने का टारगेट दिया गया है।
निवेश की वजह से अटके प्रोजेक्ट्स पूरा करने में मदद मिलेगी
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से संसद में पेश बजट में रेलवे के लिए भी कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। आम बजट में रेलवे की घोषणाओं पर रेल मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा- रेलवे के लिए अभूतपूर्व निवेश की बजट में मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रेलवे के सबसे महत्वपूर्ण प्वाइंट्स को बजट में शामिल किया, उनका भी आभार है। निवेश के कारण हमारे कई प्रोजेक्ट्स रुके हुए थे, जिन्हें पूरा करने में अब मदद मिलेगी। रेलवे स्टेशन के लिए एक अच्छा ब्लूप्रिंट तैयार है और 12 हजार करोड़ रुपए 3 महीने पहले ही मंजूर कर दिए गए थे, जिसे यह बजट आगे लेकर जाने वाला है।
'कवच' भारत में डवलप हुई वर्ल्डक्लास टेक्नोलॉजी
रेल मंत्री ने कहा-'कवच' भारत में ही डवलप हुई एक वर्ल्डक्लास टेक्नोलॉजी है। बजट भाषण में वित्त मंत्री सीतारमण ने इसे जगह दी है। देश में इस तकनीक को डवलप करके दुनियाभर में एक्सपोर्ट करने का टारगेट लेना चाहिए। जिन देशों में बहुत अच्छा रेलवे नेटवर्क है, वहां इस टेक्नीक को हमें एक्सपोर्ट करना होगा।
RRB-NTPC विवाद पर बोले-कैंडिडेट्स की समस्याओं का हम समाधान करेंगे
रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) की नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) परीक्षा के रिजल्ट को लेकर चल रहे विवाद पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- रेलवे एक स्थिर और दीर्घकालिक संस्थान है। इसमें लोग नौकरी करना चाहते हैं। हमने RRB-NTPC परीक्षा की साल 2019 में घोषणा की थी। इस परीक्षा के लिए TCS कंपनी को नियुक्त किया गया था। कोविड महामारी के बाद भी हमने ट्रांसपरेंसी से परीक्षाएं करवाई हैं। कैंडिडेट्स को कुछ समस्याएं आई थीं, उनका हम सॉल्यूशन करेंगे।