दिल्ली में गैंगरेप की घटना के बाद न्याय को लेकर उठ रही आवाजों के बीच एक बलात्कार पीड़िता भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निवासी के बाहर न्याय पाने के लिए धरने पर बैठी है। इस युवती की मांग है कि उसके साथ हुये दुष्कर्म के मामले की जांच जिले से बाहर कराई जाये।
बीकानेर से आई युवती ने मुख्यमंत्री निवास के बाहर सुबह करीब चार बजे से मौन धरना शुरू कर दिया है। महिला हाथ में न्याय की मांग को लेकर होर्डिंग लेकर बैठी हुई है। वह मांग पूरी नहीं होने तक सीएम हाउस के सामने धरना जारी रखने पर अड़ी हुई है।
मालूम हो कि महिला ने बीकानेर के कोटगेट थाना इलाके में कुछ लोगों पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच को लेकर महिला ने पहले भी मुख्यमंत्री को जनसुनवाई में मिलने का दावा किया था। महिला ने इसके बाद अधिकारियों पर कई बार जनसुनवाई में मुख्यमंत्री से नहीं मिलने देने के भी आरोप लगाए हैं।