जयपुर में आप कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प
- फोटो : Social Media
देशभर में केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध किया जा रहा है। ऐसे में राजस्थान आम आदमी पार्टी भी सोमवार को भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में थी लेकिन पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आप पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर ही रोक दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और आप कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की और हल्की झड़प भी हुई।
आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन के पहले ही पुलिस आप के प्रदेश कार्यालय के बाहर पहुंच गई और पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पाबंद कर दिया। इसके साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया। पुलिस के रोकने के बाद भी कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय जाने पर अड़ गए। वहीं पुलिस कार्रवाई के विरोध में कार्यकर्ता अपने पार्टी के कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठ गए।
उन्होंने केंद्र सरकार और नरेंद्र मोदी के खिलाफ अग्निपथ योजना को वापस लेने के लिए नारेबाजी भी की। इस दौरान पुलिस और आप कार्यकर्ता के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। जिसके बाद आक्रोशित आप कार्यकर्ताओं ने पुलिस को गिरफ्तारियां दी। पुलिस आप के कार्यकर्ताओं को बस में भरकर थाने ले गई।